भोपाल: मध्य प्रदेश में ठंड का असर अभी कम होने वाला नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में अगले दो दिनों तक तेज सर्दी बने रहने का अलर्ट जारी किया है। ठंड का सबसे ज्यादा प्रभाव ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल, सागर और जबलपुर संभागों में देखा जा रहा है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में सर्दी का प्रकोप अधिक बना हुआ है। हालांकि घने कोहरे और धुंध से लोगों को कुछ राहत मिली है, लेकिन भोपाल, उज्जैन और जबलपुर समेत कई शहरों में सुबह के समय हल्का कोहरा अब भी नजर आ रहा है।
पिछले 24 घंटे: मौसम शुष्क, तापमान स्थिर
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में मौसम शुष्क बना रहा। अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया और अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य के आसपास रहा। उज्जैन में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला।
Read More : ‘बाप बनने’ और अफेयर की अफवाहों पर बिगड़े तेज प्रताप यादव, अनुष्का को लेकर कही ये बड़ी बात
कटनी का करौंदी सबसे ठंडा स्थान
प्रदेश में लगातार कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां रविवार को न्यूनतम तापमान 5.6°C दर्ज किया गया। इसके अलावा कल्याणपुर (शहडोल) 6.1°C, उमरिया, खजुराहो और पचमढ़ी 8.4°C, राजगढ़ 8.5°C तथा गिरवर (शाजापुर) 8.8°C न्यूनतम तापमान के साथ ठंडे स्थानों में शामिल रहे।
बड़े शहरों का तापमान
राजधानी भोपाल 10.4°C न्यूनतम तापमान के साथ बड़े शहरों में सबसे ठंडा रहा। वहीं इंदौर 10.6°C, ग्वालियर 11.2°C, जबलपुर 11.9°C और उज्जैन 12°C दर्ज किया गया। दूसरी ओर खंडवा में अधिकतम तापमान 31.1°C पहुंच गया, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस हुई।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ठंड का दौर जारी रहेगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है और प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
प्रदेश में जारी ठंड के बीच लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।













